
सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में रजनीश यादव ने लहराया परचम, विद्यालय व क्षेत्र का बढ़ाया मान
गाजीपुर। दुल्लहपुर क्षेत्र के चर्चित शिक्षण संस्थान माँ शारदा चिल्ड्रेन कॉलेज जलालाबाद गाजीपुर, जो सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ सेकेंडरी एजुकेशन से संचालित है, के छात्र रजनीश यादव ने ऑल इंडिया सैनिक स्कूल्स एंट्रेंस एग्जामिनेशन-2026 में शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विद्यालय में कक्षा 5 में अध्ययनरत छात्र रजनीश यादव ने सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में 300 में से 232 अंक प्राप्त कर कक्षा 6 में प्रवेश के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की है। उनकी इस उपलब्धि से
विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है।
रजनीश यादव ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों को देते हुए बताया कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और उनके दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए लगातार मेहनत करने से उन्हें यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के सभी शिक्षकों का वह आभारी हैं, जिन्होंने उन्हें पढ़ाया और सही दिशा दिखायी।
रजनीश यादव के पिता राकेश सिंह यादव ने कहा कि बिना किसी कोचिंग के उनके बच्चे को इस मुकाम तक पहुंचाकर विद्यालय ने साबित कर दिया है कि माँ शारदा चिल्ड्रेन कॉलेज दुल्लहपुर क्षेत्र का एक उत्कृष्ट विद्यालय है।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक बृजेश कुशवाहा तथा प्रबंधक सूरज मौर्या ने रजनीश यादव की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रामप्रताप मौर्या ने अपने संबोधन में कहा कि उनका मूल उद्देश्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अनुशासन में रखते हुए बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित करना और उचित मार्गदर्शन देना है, ताकि छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा को निखारकर एक अच्छे नागरिक बनें और देश व समाज की सेवा में सदैव तत्पर रहें। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे और छात्र की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उसे शुभकामनाएं दीं।







