
कासिमाबाद ब्लाक अंतर्गत शहबाजपुर रेगा में लाखों रुपए से बना पंचायत भवन बना जंगल भवन
गाजीपुर.. कासिमाबाद ब्लाक अंतर्गत शहबाजपुर रेगा ग्राम सभा में लाखों रुपये की लागत से बना पंचायत भवन आज बदहाली का शिकार बना हुआ है। देखरेख और उपयोग के अभाव में पंचायत भवन “जंगल भवन” में तब्दील होता दिखाई दे रहा है। भवन के चारों ओर झाड़ियाँ, गंदगी और अव्यवस्था फैली हुई है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराज़गी व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन का निर्माण गांव के विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के संचालन के उद्देश्य से कराया गया था, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों, ग्राम प्रधान और सचिव की लापरवाही के चलते भवन का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद पंचायत भवन वीरान पड़ा हुआ है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषी ग्राम प्रधान और सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही पंचायत भवन की साफ-सफाई कराकर उसे नियमित रूप से जनहित के कार्यों में उपयोग में लाया जाए, ताकि ग्रामीणों को सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके।







