
*गाजीपुर के सैदपुर ब्लॉक की फुलवारी कला ग्राम पंचायत में मनरेगा कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप*
गाजीपुर/सैदपुर। जनपद गाजीपुर के सैदपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत फुलवारी कला में मनरेगा कार्यों में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों और मनरेगा मजदूरों का कहना है कि क्षेत्र पंचायत के माध्यम से कराए जा रहे कार्यों में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, फुलवारी कला में भग्गू के खेत से मनोज के खेत तक बांध निर्माण कार्य दिखाकर लगभग 70 मनरेगा मजदूरों की फर्जी हाजिरी लगाई जा रही है। आरोप है कि मौके पर कार्य नगण्य है, जबकि कागजों में काम पूर्ण दर्शाया जा रहा है। मजदूरों का कहना है कि उनकी फोटो का उपयोग कर हाजिरी दर्ज की जाती है, जबकि उन्होंने वास्तविक रूप से कार्य नहीं किया।
मनरेगा मजदूरों ने बताया कि उनके नाम से मजदूरी की धनराशि खाते में भेजी जाती है, लेकिन बाद में प्रधान द्वारा यह कहकर पैसा वापस ले लिया जाता है कि कार्य उन्होंने अपने स्तर से कराया है। मजदूरों का आरोप है कि उनसे दबाव बनाकर धन निकाला जाता है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि ब्लॉक के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से यह पूरा खेल चल रहा है। बिना स्थलीय निरीक्षण के कागजी कार्रवाई पूरी कर भुगतान कर दिया जाता है।
मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत की सचिव कभी गांव में उपस्थित नहीं रहतीं और न ही ग्रामीणों से मिलती हैं। केवल कागजी प्रक्रिया पूरी कर सरकारी धन के दुरुपयोग में उनकी भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। ग्रामीणों एवं मजदूरों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मनरेगा कार्यों की जमीनी हकीकत की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि गरीब मजदूरों के हक का पैसा सुरक्षित रह सके।
स्थानीय प्रशासन से इस संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु समाचार लिखे जाने तक आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो पाया।







